March 2026

 


उल्हासनगर: 

उल्हासनगर महानगरपालिका की बजट बैठक में शिवसेना और भाजपा के बीच छात्रवृत्ति योजना को लेकर तीखा विवाद छिड़ गया। कक्षा 7वीं से 12वीं तक की छात्राओं को प्रतिमाह 500 रुपये की छात्रवृत्ति देने की नई योजना घोषित की गई, जिसका नामकरण दिवंगत विधायक ज्योती कलानी के नाम पर करने पर भाजपा ने कड़ा विरोध जताया।

महापौर अश्विनी निकम ने योजना को ज्योती कलानी के नाम से जोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उल्हासनगर में पहली बार ऐसी योजना शुरू हो रही है, इसलिए सिंधी समाज की पूर्व विधायक ज्योती कलानी के योगदान को सम्मान देने के लिए उनका नाम उपयुक्त है। महापौर ने जोड़ा कि सावित्रीबाई फुले का सम्मान सब करते हैं और उनके नाम से राज्य स्तर पर योजना लागू करने के लिए देवेंद्र फडणवीस तथा एकनाथ शिंदे से मुलाकात की जाएगी।

भाजपा गुटनेता राजेश वधर्या ने नामकरण का विरोध करते हुए मांग की कि इसे महान शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के नाम से जोड़ा जाए। शिवसेना नगरसेवकों ने पलटवार किया कि यह महानगरपालिका स्तर की पहली योजना है, इसलिए ज्योती कलानी के कार्यों को सलाम करने का यह सही अवसर है।

बैठक में दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई, लेकिन अंततः योजना को मंजूरी मिल गई। इस विवाद ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।








 


उल्हासनगर : 

एस.एस.टी. कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स में डिग्री प्रमाणपत्र वितरण समारोह बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करने वाले इस कार्यक्रम में उल्हासनगर महानगरपालिका के उपमहापौर श्री अमर लुंड, नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट (NISM) के जनरल मैनेजर श्री संजीव बजाज तथा प्रसिद्ध मेंटर और उद्यमी श्री सागर पगार ने विशेष रूप से शिरकत की।

महाविद्यालय के वातानुकूलित सभागार में हुआ यह समारोह विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. पुरस्वानी और प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपक गवादे ने भी विद्यार्थियों को बहुमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया। अध्यक्ष डॉ. पुरस्वानी ने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए महाविद्यालय से जुड़े रहने और भविष्य के विभिन्न उपक्रमों में भाग लेने का आग्रह किया।

मेंटर श्री सागर पगार ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करते हुए लक्ष्यों की ओर दृढ़ता से आगे बढ़ने की सलाह दी। समारोह में विद्यार्थियों ने दीक्षांत पोशाक धारण कर अपनी डिग्रियां प्राप्त कीं। कुछ विद्यार्थियों ने अपने महाविद्यालयीन अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस महत्वपूर्ण शैक्षणिक पड़ाव को चिह्नित करते हुए महाविद्यालय ने विद्यार्थियों की सफलताओं का सम्मान किया, जो उनके उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बना।












 


उल्हासनगर: 

साई वसणशाह दरबार कैम्प-5 में 27 मार्च की शाम साई गुरमुखदास साहेब जी के 69वें जन्मोत्सव पर भव्य संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संत श्री कालीरामजी साहिब जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में माधवा रॉक बैंड और रॉक स्टार नील सहित मशहूर गायकों ने आधुनिक भजनों, नृत्य और सिंधी संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

हजारों श्रद्धालुओं ने इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया। साई कालीरामजी साहिब जी ने सिंधी गीतों पर गायकों की खूब प्रशंसा की। विशेष आकर्षण का केंद्र 'जी.ए. साई' नामक 69 किलो के केक को काटना रहा। साथ ही, सिंधी फिल्म 'सधाई वडो' का प्रमोशन साई जी के हाथों किया गया, जिसमें नील गोखलनी समेत फिल्म के सभी कलाकार मौजूद थे।

शहर के नेता, समाजसेवी और व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर साई जी का आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। संत श्री कालीरामजी साहिब जी ने कई गणमान्य व्यक्तियों को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित भी किया। हर वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय रहा।







 


उल्हासनगर: 

शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और जाम की मार से निजात पाने के लिए ट्रैफिक पुलिस विभाग ने आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और यातायात नियमों के पालन पर विस्तृत चर्चा हुई।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश शिरसाठ और अधिकारी नाना आव्हाड की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में व्यापारी एसोसिएशन, उल्हासनगर ट्रान्सपोर्ट असोसिएशन, वाहतूक सलाहकार समिति तथा रिक्शा चालक-मालक संघटना के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मनोज छाबलानी, रमेश लालवाणी, रमेश चव्हाण, भूषण वैरागर, मोनो सिद्दीकी, लालवानी ट्रांसपोर्ट और रिक्शा संघटना के अध्यक्ष बहादुर करोतिया सहित प्रमुख प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। पत्रकार राजन बलसाने भी मौजूद रहे।

बैठक में शहर की अव्यवस्थित पार्किंग, सड़कों पर भीड़, ट्रैफिक नियमों की अवहेलना और कल्याण-बदलापुर सड़क के अधूरे काम को जल्द पूरा करने की मांग प्रमुखता से उठी। प्रतिनिधियों ने भारी वाहनों की आवाजाही पर समयबद्ध नियंत्रण लगाने का सुझाव दिया।

ट्रैफिक पुलिस ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। विभाग ने कहा कि आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे, ताकि उल्हासनगर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बने।












उल्हासनगर:

महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक मुंबई द्वारा दिनांक 26 फरवरी 2026 के पत्र के अनुषंग से विठ्ठलवाड़ी पुलिस स्टेशन पर सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की संवाद बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक 23 मार्च 2026 को दोपहर 12 से 2 बजे तक पुलिस स्टेशन परिसर के मैदान में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्री अशोक कोली व पुलिस निरीक्षक (अपराध) श्री चंद्रहास गोडसे के नेतृत्व में संपन्न हुई।

इस बैठक में परिमंडल-4 उल्हासनगर के पुलिस उपायुक्त श्री सचिन गोरे व उल्हासनगर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त श्री अमोल कोली विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में 5 अधिकारियों सहित 50 कर्मचारियों (पुरुष व महिला) ने भाग लिया।

बैठक में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने दैनिक कार्यों में आने वाली अड़चनों व स्टेशन के कार्य को और बेहतर ढंग से कैसे संभाला जाए, इस पर अपने विचार रखे। वरिष्ठ अधिकारियों ने इन अड़चनों को गंभीरता से सुना व उचित मार्गदर्शन प्रदान किया।

बैठक के बाद सभी के लिए स्नेह भोजन की व्यवस्था की गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस स्टेशन स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं व सुझावों को ध्यान में रखते हुए कार्य को अधिक जन-उन्मुख व तनावमुक्त बनाना था। अधिकारियों को समय-समय पर प्रत्यक्ष मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम मेलजोल के हंसीखुशी भरे माहौल में समापन को पहुंचा।











उल्हासनगर : 

उल्हासनगर महानगरपालिका ने विश्व क्षयरोग दिवस 2026 एवं 100 दिवस स्वास्थ्य अभियान के तहत विभिन्न जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किए। क्षयरोग उन्मूलन के इन प्रयासों को नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत उल्हासनगर महानगरपालिका ने विश्व क्षयरोग दिवस पर कई उपक्रम चलाए। कार्यक्रम की शुरुआत मनपा महापौर, आयुक्त एवं अन्य मान्यवरों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस दौरान क्षयरोग जागरूकता के लिए पथनाट्य प्रस्तुत किया गया। मुफ्त औषधोपचार, निक्षय पोषण योजना और निक्षय मित्र के माध्यम से रोगियों को मिलने वाली सहायता की जानकारी दी गई। छात्रों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता और व्याख्यान भी आयोजित हुए।

कार्यक्रम में निक्षय मित्रों द्वारा क्षयरोग रोगियों को पोषणयुक्त अन्नधन्य किट वितरित किए गए। ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड, सेंचुरी रेयॉन, शाहाड ने CSR निधि से 100 क्षयरोग रोगियों को 6 माह के लिए गोद लिया, उनका सम्मान किया गया।

इसके बाद आशा सेविकाओं और NTEP कर्मचारियों के सहयोग से महानगरपालिका कार्यालय से रोटरी मिडटाउन हॉल तक जागरूकता रैली निकाली गई। CHM कॉलेज परिसर के वाटुमल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग में छात्रों व कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

इन प्रयासों से शहरवासियों में क्षयरोग के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

 


उल्हासनगर : 

सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल जी के जन्मोत्सव चेटीचंड के पावन अवसर पर उल्हासनगर शहर में भव्य महायात्रा का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। ‘आयो लाल, झूलेलाल!’ के जोशीले जयघोषों के बीच यात्रा की शुरुआत झूलेलाल मंदिर से हुई और इसका समापन चालिया मंदिर पर धूमधाम से हुआ।  दोपहर दिलिप आहूजा के घर से सिंधीयों के इष्टदेव झूलेलाल जी की पालकी और बहराणा साहेब श्रद्धा और भक्ति के साथ  झूलेलाल मंदिर तक पहुंचा वहाँ से झांकियों के साथ 

शहर के प्रमुख चौकों से गुजरती यह शोभायात्रा शीरू चौक, नेहरू चौक, फर्नीचर बाजार, प्रेस बाजार, शिवाजी चौक, सेक्शन 17, पवई चौक, ओटी चौक, 4 नंबर मार्केट तथा व्हीनस चौक होते हुए आगे बढ़ी। जगह-जगह व्यापारियों और नागरिकों ने फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। भजन-कीर्तन, मनमोहक झांकियां और पारंपरिक परिधान में सजे श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। शहरभर में शरबत व प्रसाद का वितरण भी किया गया। उल्हासनगर शॉपकीपर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक छतलानी और नरेश थारवानी इलेक्ट्रॉनिक बाजार के अध्यक्ष अपने व्यापारी साथियों के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर आमदार कुमार आयलानी, भाजपा नेता प्रदीप रामचनदानी, लखी नाथानी, महेश सुखरामानी, किशोर सजनानी, दीपक रंगीला व शहर के गणमान्य नागरिक, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










 


उल्हासनगर: 

उल्हासनगर वाहतूक उपविभाग के पोहवा संतोष भोईर दिन के ड्यूटी पर थे। दोपहर 1:30 बजे के आसपास बिरला गेट से दत्तवाड़ी रोड पर P1-P2 नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई कर वे कार्यालय लौटे ही थे कि ठाणे ट्रैफिक कंट्रोल रूम ने हेल्पलाइन पर फोन कर सूचना दी। 14:19 बजे के बीच काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर MH09FW4035) पर ट्रैफिक नियम उल्लंघन के लिए कार्रवाई की गई थी। वाहन मालिक को मैसेज भेजा गया तो चालक ने फोन कर बताया कि मोटरसाइकिल चोरी हो गई है और उसे ताबा में ले लिया जाए। पोहवा मोगरे ने तत्काल पुलिस हवलदार भोईर को सूचना दी। पोहवा भोईर और ट्रैफिक वॉर्डन बबन उज्जैनकर अंबिका देशी बार के सामने शिव रोड पहुंचे तो एक व्यक्ति मोटरसाइकिल चालू कर ले जाने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ पर झूठे जवाब देकर भागा तो हवलदार भोईर ने पीछा कर पकड़ा। झड़प में हवलदार के माथे पर मामूली खरोंच लगी। कार्यालय लाकर पूछताछ में संदिग्ध ने नाम लक्ष्मण उर्फ आदित्य तुकाराम घुडे (राह. सरळगाव, तहसील मुरबाड, जिला ठाणे) बताया। मोटरसाइकिल मालिक ओंकार बबन भरडे (कोल्हापूर) से संपर्क पर चोरी की पुष्टि हुई। उल्हासनगर पुलिस स्टेशन में BNS 122(1), 303(2) के तहत गुन्हा दर्ज (क्र. 124/2026)।








 


उल्हासनगर: 

सिंधी समाज द्वारा चेटीचंद नववर्ष के स्वागत में गुरुवार दोपहर शहर में भव्य बाइक रैली-यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरे शहर में “आयो लाल-झूलेलाल” के जोरदार जयकारे गूंज उठे, जिससे उत्सव का माहौल बन गया।रैली में छोटू साई, महापौर अश्विनी निकम, पूर्व विधायक पप्पू कलानी, उद्योगपति महेश अग्रवाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भारत गंगोत्री, नगरसेवक महेश सुखरामानी, जमनू पुरस्वानी, दुर्गाप्रसाद राय, राजू जग्यासी, मनोज लासी, संतोष पांडे, महेश मुलचंदानी, शंकर नागरानी सहित सैकड़ों नागरिक शामिल हुए। यात्रा ने शहरवासियों में उत्साह का संचार कर दिया।गौरतलब है कि चेटीचंद पर्व शुक्रवार, 20 मार्च को मनाया जाएगा। जैसे मराठी समाज गुड़ी पड़वा को धूमधाम से उत्साहित होता है, वैसे ही सिंधी समाज चेटीचंद को अपने नववर्ष के रूप में बड़े हर्षोल्लास से मनाते है। इसी उत्सव को ध्यान में रखते हुए महापौर अश्विनी निकम ने बुधवार की महासभा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शुक्रवार को शहर के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। इससे विद्यार्थी भी पूरे मनोयोग से पर्व में भाग ले सकेंगे।











 


उल्हासनगर:

उल्हासनगर महानगरपालिका की महत्वपूर्ण सर्वसाधारण महासभा कल (18 मार्च) को महापौर अश्विनी कमलेश निकम की अध्यक्षता में आयोजित होगी। इस बैठक में स्थायी समिति के 16 सदस्यों की नियुक्ति और विभिन्न विशेष समितियों के गठन पर चर्चा होगी। यह जानकारी महानगरपालिका सचिव अनंत जवादवार ने दी। महासभा में विषय क्रमांक 1 और 2 के प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। 

संख्या बल में बदलाव होने पर अलग से सूचना दी जाएगी। शहर के प्रशासन व विकास कार्यों से जुड़े कई मुद्दों पर विमर्श होगा, जिसमें स्थायी समिति की नियुक्ति प्रमुख रहेगी।

जनवरी की महानगरपालिका चुनाव में शिवसेना व भाजपा ने अलग लड़ी, लेकिन गठबंधन से शिवसेना को महापौर व भाजपा को उपमहापौर मिला। कल की महासभा में स्थायी समिति के 16 सदस्य चुने जाएंगे, जिसमें दोनों दलों के 8-8 सदस्य होंगे।

महासभा में शिक्षा, महिला-बाल कल्याण, स्वास्थ्य, निर्माण, नियोजन, खेल, राजस्व आदि समितियों का गठन होगा। नगरसेवकों की नियुक्ति पर सबकी नजरें टिकी हैं।

वंचित बहुजन आघाड़ी के सुरेखा सोनवणे व विकास खरात विजयी हुए। ज़िला अध्यक्ष मोनू पवार और प्रवक्ता सोनू पवार ने सत्ता में भागीदारी की शर्त पर सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के साथ हाथ मिलाकर शिवसेना को समर्थन दिया है। इस पर स्थायी समिति में दोनों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।









 


उल्हासनगर: 


एस.एस.टी. कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के SIBIC सेल ने विद्यार्थियों में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के लिए मुंबई में ‘लोकल बंधन मीडिया’ द्वारा आयोजित ‘बिजनेस बंधन’ सत्र में उत्कृष्ट सहभागिता दर्ज की। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सफल उद्यमी बनने के लिए जरूरी कौशल और मार्गदर्शन देना था।कार्यक्रम में छात्रों को व्यवसाय के नए अवसरों, रचनात्मक विचारों तथा उद्यमिता कौशलों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उत्साहित छात्रों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर व्यावसायिक दक्षताओं की जानकारी हासिल की।एस.एस.टी. महाविद्यालय का SIBIC सेल छात्रों के कौशल विकास के लिए लगातार विभिन्न उपक्रम आयोजित करता रहता है। इन प्रयासों से विद्यार्थियों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास में निरंतर वृद्धि हो रही है।इस सत्र के सफल आयोजन में संस्थापक प्राचार्य डॉ. पुरस्वानी, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. खुशबू पुरस्वानी तथा उपप्राचार्य डॉ. दीपक गवादे का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। मौके पर SIBIC सेल की समन्वयक प्रो. नम्रता सिंह और प्रो. अविनाश डोंगरे भी छात्रों के साथ उपस्थित रहे।








 


उल्हासनगर: 

ठाणे पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत पिछले छह महीनों में दर्ज घरफोड़ चोरी और मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए उल्हासनगर क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2 लाख 84 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। गुप्त सूचना और सीसीटीवी से धर दबोचे आरोपी

पुलिस हवलदार गणेश गवारे को मिली गुप्त जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच तेज कर दी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लकीसिंग गब्बरसिंग टाक (23 वर्ष), निवासी पावर हाउस के पीछे, यवत, पुणे तथा कृष्णा शंकर शर्मा (24 वर्ष), निवासी सना अपार्टमेंट, डॉल्फिन स्कूल के सामने, वांगणी पूर्व, ठाणे के रूप में हुई है।अंबरनाथ, बदलापुर, उल्हासनगर में कई वारदातें

जांच में सामने आया कि दोनों ने अंबरनाथ, बदलापुर और उल्हासनगर में घरफोड़ चोरी व वाहन चोरी के कई मामले अंजाम दिए। विठ्ठलवाड़ी, शिवाजीनगर, बदलापुर पूर्व व पश्चिम पुलिस स्टेशनों के दर्ज मामलों का खुलासा हुआ। इसके अलावा, आरोपियों के खिलाफ नागपुर, वर्धा, छत्रपति संभाजीनगर और कर्नाटक में भी अपराध दर्ज हैं।  यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम) अमरसिंह जाधव और सहायक पुलिस आयुक्त शेखर बागड़े के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने की। दोनों को गिरफ्तार कर आगे जांच जारी है।










 


कल्याण (पश्चिम): 

एसएनडीटी विश्वविद्यालय से संबद्ध जनरल एज्युकेशन इन्स्टिट्यूट के महिला महाविद्यालय, जोशीबाग कल्याण (पश्चिम) में दिनांक 13 मार्च को स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारंभ भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संचालक श्री राजेंद्र राजपूत ने की, जबकि मुख्य अतिथि सुश्री अदिती अजय चौधरी रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र करनकाळ के मार्गदर्शन में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में शिक्षा, कला एवं क्रीडा क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मान्यवरों के हाथों ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।  प्राचार्य डॉ. राजेंद्र करनकाळ ने प्रास्ताविक में कहा कि कठोर परिश्रम, सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास एवं उच्च लक्ष्यों से छात्राएं सफलता की चोटी पर पहुंच सकती हैं। मुख्य अतिथि सुश्री अदिती अजय चौधरी, जो महाविद्यालय की शिकायत निवारण समिति की सदस्य भी हैं, ने छात्राओं एवं संस्था के प्रति स्नेह व्यक्त कर सांस्कृतिक कार्यक्रम को शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष श्री राजेंद्र राजपूत ने अपने उद्बोधन में छात्राओं के साहित्य, कला एवं क्रीडा क्षेत्रों में प्राप्त देदीप्यमान सफलताओं की सराहना की तथा प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं शिक्षकेतर स्टाफ का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में संस्था का नाम रोशन कर रही हैं। कार्यक्रम में स्नेह सम्मेलन प्रमुख प्राध्यापिका प्रज्ञा जंगले ने महाविद्यालय की प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। छात्रा प्रतिनिधि आम्रपाली गायकवाड ने मनोगत में महाविद्यालय एवं शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। बीए एवं बीकॉम में प्रथम आने वाली छात्राओं, एनएसएस की सर्वश्रेष्ठ वॉलेंटियर एवं सर्वश्रेष्ठ कैंपर तथा क्रिकेट, कबड्डी एवं खो-खो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं ने गीत, व्यक्तिगत नृत्य एवं सामूहिक नृत्य का शानदार कलाविष्कार प्रस्तुत किया। समारंभ महापुरुषों को अभिवादन, दीप प्रज्वलन एवं विश्वविद्यालय गीत से प्रारंभ हुआ। सूत्रसंचालन मुख्य लिपिक श्री अशोक शिंदे ने किया तथा प्रा. हर्षद शेटे ने आभार माना। इस अवसर पर संस्था के संचालक श्री अशोक साळी, श्री सुनील पाटील, श्री सुरेश जाधव, मुख्याध्यापिका सुश्री सोनार, पूर्व मुख्याध्यापिका सुश्री सिनकर, पत्रकार राजू बलसाणे एवं प्रा. विसावे सहित अन्य मान्यवर उपस्थित रहे।









 


उल्हासनगर:

शहर के कैंप क्रमांक 4 स्थित शिवनेरी हॉस्पिटल रोड पर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पशुप्रेमियों में आक्रोश पैदा कर दिया है। यहां MH 03 DV 0763 नंबर के मालवाहू टेम्पो के नीचे आने से दो छोटे श्वान पिल्लों की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, शाम के समय भाटिया चौक से शिवनेरी हॉस्पिटल की ओर जा रहा टेम्पो सड़क पर खेल रहे पिल्लों से टकरा गया। घटना के तुरंत बाद पास के वॉशिंग सेंटर पर काम कर रहे युवकों ने चालक को घेर लिया और जवाब तलब किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया।  इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, फिर भी पुलिस ने अब तक चालक के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। इलाके के पशुप्रेमी इस बेरहमी पर भड़क उठे हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच हो और चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाएं न हों।








 


उल्हासनगर:  

महानगरपालिका के पैनल क्रमांक 12 क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पानी की भारी कमी बनी हुई है। पर्याप्त प्रयासों के बावजूद नागरिकों को नियमित व पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी फैल गई है।  नगरसेविका सविता तोरणे रगडे और समाजसेवक शिवाजी रगडे ने इस समस्या के समाधान के लिए सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, महापौर अश्विनी कमलेश निकम, गटनेते अरुण आशान तथा आयुक्त मनीषा आवड़े को पत्र लिखा है। पत्र में एमआईडीसी से मिलने वाले पानी के कोटे में बढ़ोतरी की मांग की गई है। उनका कहना है कि जब तक एमआईडीसी का पानी कोटा नहीं बढ़ाया जाता, तब तक इस क्षेत्र को पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करना असंभव है।  आनंदनगर स्थित पानी की टंकी का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण में टंकी के रखरखाव में लापरवाही, पाइपलाइन व्यवस्था में खामियां तथा वितरण में असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएं सामने आईं। संबंधित अधिकारियों से तत्काल मरम्मत व सुधारात्मक कदम उठाने तथा पानी की मात्रा बढ़ाने की मांग की गई।  स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि पानी की इस लंबी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।













 


उल्हासनगर: 

एसएसटी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के जूनियर कॉलेज विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी उत्साहपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। छात्रों ने विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं पर आधारित नवोन्मेषी मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करने आसपास के विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र और शासकीय अधिकारी पहुंचे। उन्होंने छात्रों के प्रोजेक्ट्स की खूब सराहना की। अन्य महाविद्यालयों के विज्ञान प्राध्यापकों द्वारा प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले छात्रों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।  कार्यक्रम महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य डॉ. पुरस्वानी, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. खुशबू पुरस्वानी, जूनियर कॉलेज उपप्राचार्य डॉ. हीना मूलपानी तथा प्रा. देविदास जळकोटे के मार्गदर्शन में हुआ। सफल संचालन प्रा. सुरभि त्रिवेदी, प्रा. रचिता मूलपानी, प्रा. शिल्पा जळकोटे, प्रा. स्वाती केसवानी, प्रा. कविता महाले तथा सभी शिक्षकों व छात्र स्वयंसेवकों के सहयोग से संभव रहा।मान्यवरों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान रुचि और सृजनशीलता बढ़ती है।







,

 


उल्हासनगर:  

आरटीई (शिक्षा का अधिकार) के तहत पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को स्कूल प्रशासन द्वारा फीस जमा करने के लिए बार-बार तगादा देने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इससे परेशान अभिभावकों को अब राहत मिली है।  वंचित बहुजन आघाड़ी के उल्हासनगर शहर अध्यक्ष उज्वल महाले ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए संबंधित प्रशासन से जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरटीई नियमों के अनुसार विद्यार्थियों से फीस वसूलना अवैध है। महाले ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।इसके परिणामस्वरूप शिक्षा प्रशासन ने उक्त स्कूल को नोटिस जारी कर कार्रवाई प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हस्तक्षेप से आरटीई विद्यार्थियों के अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। इस अवसर पर सिद्धार्थ सुरडकर, दत्ता जाधव सहित वंचित बहुजन आघाड़ी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।








 


उल्हासनगर: 

केंद्र सरकार की अमृत भारत योजना के तहत शहर में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पैनल नंबर 5 के पोस्ट ऑफिस परिसर में नई पानी लाइन बिछाने के कार्य का भूमिपूजन नगरसेवक नंद छापरू के हाथों संपन्न हुआ। इस नई पानी लाइन से क्षेत्र के नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। भूमिपूजन अवसर पर नगरसेवक नंद छापरू ने कहा, "नागरिकों को स्वच्छ और नियमित पानी उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। "कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नई पानी लाइन कार्य की शुरुआत से क्षेत्र में संतोष का माहौल है। कार्य पूर्ण होने के बाद पानी आपूर्ति और अधिक सुचारू हो जाएगी।









 


उल्हासनगर: 

शहर के कैंप नंबर 3 स्थित बीके नंबर 896 इलाके में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां पूर्व नगरसेविका इंदिरा उदासी के घर के सामने एक नशे में धुत युवक ने महादू जगताप नामक व्यक्ति पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महादू जगताप की मौके पर ही मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार महादू जगताप उल्हासनगर कैंप-1 के शाहाड गावठाण इलाके के निवासी थे। वे कोणार्क इन्वायरो कंपनी में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और पैनल नंबर 11 में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हुए हमले में उनकी जान चली गई।घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही मध्यवर्ती पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर अवताडे पुलिस दल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी युवक की तलाश जारी है।








 


उल्हासनगर: 

श्रीराम चौक स्थित तबेला चाय वाले की दुकान पर 6 मार्च की रात को नशे में धुत युवकों ने फ्री चाय की मांग कर हंगामा मचा दिया। दुकानदार के मना करने पर तीन-चार युवकों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और दुकान के बाहर रखे सामान को तोड़-फोड़ दिया। धमकी देते हुए बोले आरोपी:

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दुकानदार को धमकाते हुए कहा, “पुलिस को बुलाओ, पुलिस क्या कर लेगी?” पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में डर का माहौल व्याप्त हो गया है। पुलिस पर नजरें:

फिलहाल इस मामले में उल्हासनगर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं इलाके में बढ़ रही हैं। सभी की नजरें अब पुलिस की अगली कदम पर टिकी हैं।







 

उल्हासनगर : 


साई लाख जीवन घोट गौशाला ट्रस्ट ने अपनी 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 11 से 17 मार्च तक भव्य धार्मिक आयोजन का आगाज किया है। इस सात दिवसीय कार्यक्रम में भक्तों के लिए प्रतिदिन भागवत कथा, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। 13 मार्च को कन्या भोज, 14 मार्च को ब्रह्म भोज, संतों को भोजन तथा सूरदासों को उपहार वितरण का विशेष आयोजन रखा गया है। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सभी भक्तजनों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस पवित्र अवसर का लाभ उठाएं और उत्सव में शिरकत करें।








 


कल्याण: 

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका शिक्षा विभाग द्वारा भारत सरकार के 'नवभारत साक्षरता अभियान' (FLNAT) के अंतर्गत 15 मार्च 2026 को आधारभूत साक्षरता और अंकगणित मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शहर के असाक्षर लोगों को साक्षरता के मुख्यधारा में लाना है। साल 2025-26 के लिए महानगरपालिका ने 2000 साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा था। लेकिन शिक्षा विभाग की प्रभावी कार्यान्वयन से अब तक 2106 लोगों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, जो लक्ष्य से अधिक है। 15 मार्च को होने वाली परीक्षा में कुल 1921 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 350 पुरुष और 1571 महिलाएं हैं। महिलाओं का इस अभियान में उत्साहजनक सहभाग रहा है। "केवल अक्षरों की पहचान ही नहीं, बल्कि दैनिक जीवन के मूलभूत अंकगणित और लेन-देन का ज्ञान नागरिकों को मिले, यही इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य है," शिक्षा विभाग के प्रशासन अधिकारी भारत बोरणारे ने कहा। उन्होंने इलाके के अधिक से अधिक असाक्षर नागरिकों से इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाने की अपील की। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए महानगरपालिका शिक्षा विभाग, शिक्षक और स्वयंसेवक पूरी तरह तैयार हैं, बोरणारे ने बताया।








 


उल्हासनगर: 

उल्हासनगर महानगरपालिका में दिव्यांगों और आम नागरिकों के मुद्दों को लेकर प्रहार जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आक्रामक प्रदर्शन किया। पिछले चार वर्षों से चल रहे आंदोलनों में दिव्यांग छड़ी घोटाले पर कोई कार्रवाई न होने, स्टॉल उपलब्ध न कराने और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की कमी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए।

दिव्यांगों को स्टॉल देकर स्वरोजगार उपलब्ध कराना। महापालिका में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक प्रावधान करना। दिव्यांग मानधन को 4500 रुपये करना। प्रदर्शन के दौरान आयुक्त मनीषा आव्हाले के खिलाफ नारेबाजी हुई और उनके आंदोलनों के समय अनुपस्थित रहने पर सवाल उठाए गए। 

दिव्यांग छड़ियों की खरीदी में हुए भ्रष्टाचार के आरोपी अधिकारियों पर मामला दर्ज करने और राशि वसूलने की मांग जोरदार तरीके से की गई। टीडीआर घोटाले और श्मशान घाटों पर लूट जैसे मुद्दों को भी उठाया गया। इस पर विधानमंडल में तारांकित प्रश्न भी उठ चुका है।

मनपा उपायुक्त श्री जवादवार ने दिव्यांग कल्याण समिति स्थापना, आर्थिक सहायता और स्टॉल उपलब्ध कराने सहित मांगों पर 20 तारीख तक महासभा में निर्णय का लिखित आश्वासन दिया। यदि महासभा में सकारात्मक निर्णय न लिया गया तो अगला आंदोलन महापौर के निवास के सामने होगा, ऐसा आंदोलनकारियों ने मीडिया को बताया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रहार जनशक्ति पार्टी के ठाणे जिला अध्यक्ष एडवोकेट स्वप्निल पाटिल ने किया, जिसमें प्रहार दिव्यांग क्रांति संगठन के महाराष्ट्र सचिव सुरेश मोकल और राष्ट्र कल्याण पार्टी अध्यक्ष शैलेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग उपस्थित थे।









 


उल्हासनगर: 

धुलीवंदन की रात उल्हासनगर-1 इलाके में एक होटल मालिक पर अज्ञात ग्राहक ने सिगरेट न मिलने के कारण बीयर की बोतल फेंककर क्रूर हमला कर दिया। इस घटना में होटल मालिक अशोक सुगनोमल काचेला को गंभीर चोटें आईं, जबकि आरोपी ने होटल के बाहर लगे कांच के काउंटर भी तोड़ दिए।जयकमल बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक अशोक काचेला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे 25 वर्षीय अज्ञात युवक होटल पहुंचा। उसने बीयर मांगी, जो काचेला ने दे दी। लेकिन सिगरेट की मांग पर उपलब्ध न होने की बात सुनकर युवक भड़क गया।गाली-गलौज के बाद आरोपी ने हाथ में पकड़ी बीयर की बोतल काचेला के चेहरे पर फेंक दी, जिसमें उनकी दाहिनी आंख के पास गहरी चोट लग गई। हमले के बाद उसने सड़क से पत्थर उठाकर होटल के दो कांच के काउंटर तोड़ दिए और मौके से फरार हो गया। उल्हासनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान हो सके। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना से रोष व्याप्त है।










 


उल्हासनगर:

होली के त्योहार के मद्देनजर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ उल्हासनगर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत दो दिनों में 49 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश शिरसाठ के मार्गदर्शन में ट्रैफिक उपविभाग की टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर जांच अभियान चलाया। टीम में संजय बेंद्रे, जितेंद्र चित्ते, मनोज काळे, लक्ष्मण पांढरे, पंढरीनाथ काळे, अरुण गिरमे, शशिकांत निकाळे, सुनील संकपाळ, चंदू पागी, नाना आव्हाड और भारत खांडेकर शामिल थे। मंगलवार को 39 नशे में धुत चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत मामला दर्ज हुआ। बुधवार शाम तक 10 और लोगों पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, होली के दौरान दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह सख्ती जारी रहेगी।










MKRdezign

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget