उल्हासनगर:
शहर के कैंप क्रमांक 4 स्थित शिवनेरी हॉस्पिटल रोड पर एक दिल दहला देने वाली घटना ने पशुप्रेमियों में आक्रोश पैदा कर दिया है। यहां MH 03 DV 0763 नंबर के मालवाहू टेम्पो के नीचे आने से दो छोटे श्वान पिल्लों की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, शाम के समय भाटिया चौक से शिवनेरी हॉस्पिटल की ओर जा रहा टेम्पो सड़क पर खेल रहे पिल्लों से टकरा गया। घटना के तुरंत बाद पास के वॉशिंग सेंटर पर काम कर रहे युवकों ने चालक को घेर लिया और जवाब तलब किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, फिर भी पुलिस ने अब तक चालक के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। इलाके के पशुप्रेमी इस बेरहमी पर भड़क उठे हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच हो और चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाएं न हों।

Post a Comment