उल्हासनगर: उल्हासनगर पुलिस क्षेत्र के भैयासाहेब आंबेडकर नगर में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें 19 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसकी ही माँ आशा गरड ने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी माँ को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका का परिसर में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध था। परिवार इस रिश्ते का कई बार विरोध कर चुका था और युवती को रिश्ता तोड़ने के लिए समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह उसके इंकार पर अड़ी रही। रविवार देर रात लगभग 2 बजे इस बात को लेकर घर के अंदर माँ और बेटी के बीच तीखा विवाद हुआ। पड़ोसियों और परिवार के बयानों के अनुसार, गुस्से में आशा गरड ने अपने दुपट्टे से बेटी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर उल्हासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोपी आशा गरड को हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और हत्या के कारणों, मौके पर मौजूद व्यक्तियों तथा घटना से संबंधित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और समय की औपचारिक पुष्टि होगी।

Post a Comment