Latest Post

 


उल्हासनगर:

उल्हासनगर कैंप नंबर 4 स्थित डॉ. सातारामदास हॉस्पिटल के पीछे का क्षेत्र इन दिनों पानी की समस्या और खराब सड़कों से जूझ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने महापालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी कठिन हो गई है।

निवासियों का कहना है कि अंडरग्राउंड ड्रेनेज और नई पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए रास्तों की खुदाई की गई थी, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। बीके नंबर 1618, 19 और 20 के घरों तक अब तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। ऊपर के घरों में पानी पहुँच रहा है, मगर नीचे के घरों के लोग रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए पानी जुटाने में परेशान हो रहे हैं।

इसके साथ ही, खुदाई के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत न होने से आवागमन में भी गंभीर बाधाएं आ रही हैं। नागरिकों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायतें दर्ज करवाईं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय लोगों ने महापालिका से जल्द से जल्द पानी की सप्लाई शुरू कराने और जर्जर रास्तों की मरम्मत कराने की मांगी की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।





 


उल्हासनगर :– 

आगामी महापालिका चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में उल्हासनगर महापालिका प्रशासन ने नई प्रभाग रचना जारी कर दी है। यह जानकारी महापालिका की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है, जहाँ से नागरिक सीधे विवरण देख सकते हैं।

नई रचना के अनुसार, वर्ष 2017 की तर्ज पर कुल 20 प्रभाग बनाए गए हैं। इनमें से 18 प्रभाग चार-चार वार्डों के रहेंगे, जबकि 2 प्रभाग तीन-तीन वार्डों के होंगे। इस प्रकार आगामी चुनाव कुल 78 वार्डों में आयोजित किए जाएंगे।

राज्य सरकार, राज्य निर्वाचन आयोग अथवा अधिकृत अधिकारी इस मसौदा अधिसूचना पर 15 सितंबर 2025 के बाद विचार करेंगे। इस बीच नागरिक अपनी आपत्तियां और सुझाव 15 सितंबर तक कारणों सहित उल्हासनगर महापालिका आयुक्त कार्यालय में लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं।

महापालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद दी जाने वाली कोई भी आपत्ति या सुझाव स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय सीमा के भीतर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराएं।






 


कल्याण– 

कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका (केडीएमसी) की शिक्षण नीति और प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र को ठेकेदार के हवाले किए जाने के विरोध में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने बुधवार को अनोखा आंदोलन किया। विधानसभा सह-संयोजक रूपेश भोईर के नेतृत्व में शहर में ‘भीख मांगो आंदोलन’ किया गया, जिसमें सैकड़ों नागरिकों और छात्रों ने भाग लिया।

कार्यकर्ताओं और छात्रों ने आम नागरिकों से प्रतीकात्मक रूप से भीख जुटाई और मनपा के भ्रष्टाचार व लापरवाही का विरोध दर्ज कराया। एकत्र किए गए सैकड़ों रुपये बाद में मनपा के फंड में जमा कराए गए।

भोईर ने पत्रकारों से कहा कि 2010 में सहजानंद चौक पर स्वर्गीय सांसद प्रकाश परांजपे प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई थी। यहाँ आर्थिक रूप से पिछड़े छात्रों को नाममात्र की फीस में पुस्तकें व मार्गदर्शन उपलब्ध था। लेकिन हाल ही में मनपा ने यह केंद्र एक ठेकेदार को सौंप दिया। अब ठेकेदार द्वारा मनमाने ढंग से अधिक फीस वसूली जा रही है, साथ ही बैठने, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।

भोईर ने बताया कि छात्रों के भविष्य की चिंता में एक माह पहले ही मनपा को ठेकेदार को हटाने की मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते यह बड़ा आंदोलन छेड़ना पड़ा।

भीख मांगो आंदोलन के बाद जब मनपा प्रशासन ने लिखित आश्वासन देने से इनकार किया, तो भोईर ने अतिरिक्त आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख मनपा अधिकारी दबाव में आ गए और आखिरकार ठेकेदार को काम रोकने का आदेश देने का पत्र जारी किया।

#कर्ण हिन्दुस्तानी#








 


उल्हासनगर :

उल्हासनगर कैंप 3 स्थित अशोक अनिल टॉकीज रोड की बदहाल स्थिति से परेशान नागरिकों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से गड्ढों से भरे इस रोड को लेकर मनसे नेता बंडू देशमुख की पहल पर मंगलवार को स्टेट PWD (लोकनिर्माण विभाग) और बिजली विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से इस सड़क की हालत बेहद खराब है। बरसात के दिनों में पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और रोज़ाना छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस कारण नागरिक इसे 'मौत का जाल' कहने लगे हैं।

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। वहीं, मनसे नेता बंडू देशमुख ने कड़ी चेतावनी दी कि यदि सरकार और विभागों ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो मनसे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि इस बार रोड मरम्मत का कार्य बिना देरी के पूरा किया जाएगा, ताकि आने-जाने वालों की जान को खतरा न रहे।







 


उल्हासनगर : 

आगामी महापालिका चुनावों को लेकर शहर की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार को पैनल 17 के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दो पूर्व नगरसेवकों समेत कई नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया।

कैंप-5 स्थित पूर्व नगरसेवक दादा सतरामदास जेसवानी के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में दादा जेसवानी, रवि जेसवानी, जीतू जेसवानी और महादेव बगाड़े ने भाजपा की सदस्यता ली। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविन्द्र चव्हाण ने उन्हें पार्टी का मफलर पहनाकर स्वागत किया।

जेसवानी परिवार लंबे समय से उल्हासनगर की राजनीति में सक्रिय और प्रभावशाली माना जाता है। परिवार के सदस्य लगातार नगरसेवक चुने जाते रहे हैं। वहीं महादेव बगाड़े की पत्नी भी वर्ष 2017 में पैनल 17 से नगरसेविका रह चुकी हैं।

इस कार्यक्रम मे आमदार कुमार आयलानी व जिलाध्यक्ष राजेश वधर्या, महेश सुखरमानी, लाल पंजाबी, अजीतसिंग लबाना, प्रकाश माखीजा, अमर लुंड, प्रदीप रामचंदानी, शेरी लुंड, संजय सिंह 'चाचा', प्रशांत पाटिल, मनोज साधनानी अवि पंजाबी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जेसवानी परिवार और महादेव बगाड़े के भाजपा में शामिल होने से भाजपा को पैनल 17 में सीधा लाभ मिलेगा और महापालिका चुनावों में पार्टी की स्थिति और अधिक मजबूत हो जाएगी।







 


उल्हासनगर:

उल्हासनगर के कैंप नंबर-1 स्थित गुलशन नगर, असर्फी मस्जिद के पास एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। 30 वर्षीय शाहनवाज खलील अहमद अंसारी अपनी भतीजी को परेशान करने की शिकायत लेकर आरोपी इब्राम सलीम शेख के घर गया था, जहां इब्राम ने चाकू से उस पर पेट में वार कर दिया। शाहनवाज की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और पुलिस की तीन टीमों का गठन कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई। आरोपी ने फरारी के दौरान लोकेशन छुपाने के लिए मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया था। पैसे समाप्त होने पर दौंड स्टेशन पर एक दुकानदार से अपने पिता को फोन किया, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष आव्हाड के मार्गदर्शन में उल्हासनगर पुलिस दल पीएसआई लहू सातपुते, मोहन श्रीनिवास, जावेद मुलानी, सिद्धार्थ गायकवाड़, भूषण खैरनार, अविनाश जाधव और सुशिल पाटिल – टीमों ने 12 घंटे की अथक मेहनत से आरोपी को दौंड रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है और कानून व्यवस्था को सख्त किया गया है।





 




उल्हासनगर:

उल्हासनगर महानगरपालिका आयुक्त मनीषा आव्हाळे के आदेश तथा अखिल भारतीय स्थानिक स्वराज्य संस्था और ओरीयन कंस्ट्रक्शन के संयुक्त उपक्रम अंतर्गत सोमवार को नगर के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता जागरूकता के लिए जननाट्य का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घरों में कचरे के वर्गीकरण एवं होम कंपोस्टिंग के महत्व को लोगों तक पहुँचाना था, जिससे नागरिक अपने स्तर पर जैविक कचरे का संचालन कर सकें और स्वच्छता बनाए रखें।

सतरामदास हॉस्पिटल रोड (विभाग 4) समेत कई स्थानों पर प्रस्तुत इस जननाट्य में गीला, सूखा, धोकादायक और ई-कचरे के प्रकार, उनका अलग-अलग संग्रहण एवं प्रबंधन कैसे किया जाए, इस पर विस्तार से जानकारी दी गई। कलाकारों ने नाट्य के माध्यम से कचरे के सही और गलत प्रबंधन के अंतर को रोचक तरीके से समझाया और नागरिकों के सवालों का जवाब भी दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, विशेषकर महिलाएं और छात्र शामिल हुए। उन्होंने होम कंपोस्टिंग के प्रति रुचि दिखाई तथा कई लोगों ने अपने घरों पर ही कंपोस्टिंग शुरू करने का संकल्प लिया। आयोजकों का कहना है कि ऐसी पहल से शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और भविष्य में भी इसी तरह स्वच्छता जागरूकता अभियान जारी रहेंगे।










MKRdezign

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget