उल्हासनगर :
महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों हर्षवर्धन सपकाल के विवादास्पद बयान को लेकर भूचाल मचा हुआ है। टिपू सुल्तान और छत्रपती शिवाजी महाराज पर दिए गए वक्तव्य ने राज्य का सियासी पारा चढ़ा दिया है। इतिहास का हवाला देते हुए सपकाल के संबोधन पर विभिन्न दलों और संगठनों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। जहां कुछ ने व्यापक दृष्टिकोण की बात की, वहीं विरोधियों ने इसे आपत्तिजनक ठहराया। इसी सिलसिले में उल्हासनगर के नेहरू चौक पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय के निकट होने से क्षेत्र में कुछ देर तनाव का माहौल रहा। प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वदर्या, प्रदीप रामचंदानी, अमर लुंड, मनोहर खेमचंदानी, अमित वाधवा, दीपक छतलानी, गुलशन हरिसिंघानी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं व कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने सपकाल के बयान की निंदा की और ऐतिहासिक महापुरुषों पर टिप्पणी में संवेदनशीलता बरतने की मांग उठाई। इस घटनाक्रम ने महाराष्ट्र राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

Post a Comment