उल्हासनगर — आगामी ईद और गणेशोत्सव सहित त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंगलवार आज को एसीपी शंकर अवताड़े के नेतृत्व में रूट मार्च निकाला। मध्यवर्ती पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोली और उल्हासनगर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष आव्हाड समेत अन्य अधिकारी मार्च में उपस्थित रहे। एसीपी कार्यालय से प्रारंभ हुए रूट मार्च का मार्ग पवई चौक, खन्ना कंपाउंड, विठ्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन और शांतिनगर के वेलकम गेट से होकर वापस शांतिनगर के पास समाप्त हुआ।
पुलिस ने बताया कि रूट मार्च का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों में सुरक्षा व विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना है। मार्च में एक एसीपी, 15 पुलिस अधिकारी तथा करीब 100 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने आगामी त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा बंदोबस्त किए जाने की जानकारी दी और लोगों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

Post a Comment