उल्हासनगर —
उल्हासनगर कैंप-5 स्थित कैलाश कॉलोनी इलाके में हुई सनसनीखेज डबल मर्डर कांड में उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामलों के मुख्य आरोपियों शेखर बिराजदार और अजय राव को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल रहा था।
जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच के कर्मचारी राजेंद्र उर्फ पिंट्या थोरवे को सूचना मिली कि हत्या मामले के कुछ आरोपियों का वांगणी इलाके में आना तय है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक योगेश आव्हाड के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक अशोक पवार की निगरानी में टीम ने जाल बिछाया। इस टीम में पिंट्या थोरवे, गणेश गावडे, रितेश वंजारी, योगेश वाघ, प्रसाद तोंडलीकर, रामदास उगले, शेखर भावेकर और बाबू जाधव शामिल थे।
पुलिस ने शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे दबिश देकर शेखर बिराजदार और अजय राव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच अन्य आरोपियों और हथियारों की खोज में भी तलाशी अभियान चला रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना कैंप-5 के कैलाश कॉलोनी चौक पर शाम करीब साढ़े सात बजे घटी थी, जब 15 से 16 लोगों के एक समूह ने हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सगे भाई अनिल हरकेश चौहान और अमन हरकेश चौहान की मौत हो गई, जबकि अर्जुन सुरजबली चौहान गंभीर रूप से घायल हुआ है। स्थानीय लोग और दुकानदार तब से दहशत में हैं। पुलिस ने मामले में कई सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान दर्ज किए हैं, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान की गई थी।
उल्हासनगर पुलिस ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तात्कालिक तौर पर पुलिस को देने का निवेदन किया है। मामले में जल्द ही और गिरफ्तारी की आशंका जताई जा रही है।

Post a Comment