सिगरेट न मिलने पर ग्राहक का बर्बर हमला उल्हासनगर-1 में बीयर बोतल से होटल मालिक पर प्रहार, कांच के काउंटर तोड़े।
उल्हासनगर:
धुलीवंदन की रात उल्हासनगर-1 इलाके में एक होटल मालिक पर अज्ञात ग्राहक ने सिगरेट न मिलने के कारण बीयर की बोतल फेंककर क्रूर हमला कर दिया। इस घटना में होटल मालिक अशोक सुगनोमल काचेला को गंभीर चोटें आईं, जबकि आरोपी ने होटल के बाहर लगे कांच के काउंटर भी तोड़ दिए।जयकमल बार एंड रेस्टोरेंट के मालिक अशोक काचेला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे 25 वर्षीय अज्ञात युवक होटल पहुंचा। उसने बीयर मांगी, जो काचेला ने दे दी। लेकिन सिगरेट की मांग पर उपलब्ध न होने की बात सुनकर युवक भड़क गया।गाली-गलौज के बाद आरोपी ने हाथ में पकड़ी बीयर की बोतल काचेला के चेहरे पर फेंक दी, जिसमें उनकी दाहिनी आंख के पास गहरी चोट लग गई। हमले के बाद उसने सड़क से पत्थर उठाकर होटल के दो कांच के काउंटर तोड़ दिए और मौके से फरार हो गया। उल्हासनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान हो सके। स्थानीय व्यापारियों में इस घटना से रोष व्याप्त है।

